शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर, । भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त विशेष रोल प्रेक्षक निखिल गजराज ने शुक्रवार को अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर चल रहे विधान सभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 की समीक्षा की। इस संबंध में एनआईसी सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष बंसल की मौजूदगी में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों और विभिन्न राजनैतिक दलों के जिलाध्यक्षों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में विशेष रोल प्रेक्षक निखिल गजराज ने बताया कि निर्वाचन आयोग द्वारा प्रत्येक वर्ष मतदाता सूची का पुनरीक्षण कराया जाता है, लेकिन इस बार विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कराया जा रहा है। इसका उद्देश्य मतदाता सूची में दर्ज सभी नामों की गहन जांच कर अपात्र मतदाताओं को हटाना और सभी पात्र नागरिकों के नाम फार्म-6 के माध्यम से सूची में शामिल करना है।
उन्होंने कहा कि किसी भी अर्ह मतदाता का नाम मतदाता सूची से विलोपित नहीं होना चाहिए। नो मैपिंग और लॉजिकल डिस्क्रीपेन्सी से जुड़े नोटिसों की समय से सुनवाई सुनिश्चित की जाए और आयोग द्वारा निर्धारित दस्तावेजों के आधार पर समस्याओं का समाधान किया जाए।
बैठक के दौरान राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से पुनरीक्षण कार्य में आ रही समस्याओं के बारे में भी जानकारी ली गई। भाजपा के प्रतिनिधि योग चुघ ने बताया कि जिला निर्वाचन अधिकारी समय-समय पर राजनैतिक दलों के साथ बैठक कर फीडबैक लेते रहे हैं, जिससे कार्य पारदर्शिता और समन्वय के साथ आगे बढ़ रहा है।
बैठक में मौजूद सभी राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों ने जिला निर्वाचन अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा किए जा रहे पुनरीक्षण कार्य की सराहना की। प्रतिनिधियों ने कहा कि प्रशासन द्वारा यह कार्य पूरी निष्पक्षता और सजगता के साथ किया जा रहा है।
विशेष रोल प्रेक्षक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुनरीक्षण कार्य को पूरी निष्पक्षता, सजगता और गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से युवा मतदाताओं के नाम अनिवार्य रूप से मतदाता सूची में पंजीकृत कराने तथा ईपी रेशियो और जेंडर रेशियो में आयोग की अपेक्षा के अनुरूप वृद्धि सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

बैठक के अंत में सभी राजनैतिक दलों से अनुरोध किया गया कि वे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के कार्य में प्रशासन का सहयोग करें, ताकि मतदाता सूची को अद्यतन और त्रुटिरहित बनाया जा सके।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष समाजवादी पार्टी चौ. अब्दुल वाहिद, जिलाध्यक्ष अपना दल (एस) राजकुमार पंवार, प्रतिनिधि कांग्रेस सुधांशु धनगर, जिलाध्यक्ष आम आदमी पार्टी संजय कुमार जैन, प्रतिनिधि समाजवादी पार्टी चौ. अब्दुल गफूर, जिला महासचिव बहुजन समाज पार्टी सुनीष प्रधान, महानगर महामंत्री भाजपा योग चुघ, जिला सचिव कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया राव दाऊद, अपर जिलाधिकारी प्रशासन एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष बहादुर सिंह, नगर मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह सहित सभी उपजिलाधिकारी मौजूद रहे।









