शहरी चौपाल ब्यूरो
बेहट (सहारनपुर)। तहसील सभागार में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन अपर जिलाधिकारी प्रशासन संतोष बहादुर सिंह की अध्यक्षता में किया गया। इस दौरान उन्होंने फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को समयबद्ध तरीके से निस्तारण करने के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में कुल 42 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से मात्र दो शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया जा सका। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजते हुए जल्द कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

अपर जिलाधिकारी संतोष बहादुर सिंह ने अधिकारियों और कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि समाधान दिवस में आने वाली शिकायतों को पूरी गंभीरता से लिया जाए और मौके पर जाकर उनका निस्तारण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी शिकायत को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए और लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें, ताकि लोगों को जल्द राहत मिल सके।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी मानवेन्द्र सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी एस.एन. वैभव पांडेय, तहसीलदार विजय कुमार सिंह, नायब तहसीलदार भूपेंद्र सिंह, नायब तहसीलदार देवेंद्र कुमार प्रजापति, बीडीओ योगेंद्र कुमार, सीडीपीओ संयोगिता यादव, अफसाना बेगम, एसडीओ विद्युत बृज मोहन सिंह, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बेहट सतपाल सिंह भाटी, थाना मिर्जापुर प्रभारी निरीक्षक सूबे सिंह तथा थाना बिहारीगढ़ और थाना फतेहपुर के थाना प्रभारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।









