शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर, । जिलाधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में तहसील रामपुर मनिहारान में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनशिकायतों और समस्याओं का समाधान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
समाधान दिवस में राजस्व विभाग की 19, पुलिस की 2, डूडा विभाग की 2, जिला पंचायत राज की 1, विद्युत विभाग की 1, विकास विभाग की 1, शिक्षा विभाग की 1, आपूर्ति विभाग की 1 तथा श्रम विभाग की 1 सहित कुल 29 शिकायतें प्राप्त हुईं।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शिकायतों के निस्तारण में संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण अपनाया जाए तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि भूमि संबंधी प्रकरणों में प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम बनाकर त्वरित कार्रवाई की जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि शिकायतकर्ता को समाधान के बाद संतुष्टि भी मिले।
समाधान दिवस के अवसर पर कृषि विभाग की राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन योजना के अंतर्गत गन्ने के साथ अंतःफसली जायद बुवाई के लिए उर्द और मूंग के बीज निःशुल्क वितरित किए गए। कुल 20 किसानों को सोलर ट्रैप, फेरोमैन ट्रैप तथा उर्द और मूंग के 20-20 किलो बीज उपलब्ध कराए गए।
जिलाधिकारी ने किसानों को बीज और ट्रैप वितरित करते हुए कहा कि दालों की अंतःफसली खेती से किसानों की अतिरिक्त आय बढ़ती है और मिट्टी में नाइट्रोजन की मात्रा बढ़ने से उर्वरक पर होने वाला खर्च भी कम हो जाता है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने कहा कि पुलिस अधिकारी आमजन की समस्याओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार, डीएफओ शुभम सिंह, उपजिलाधिकारी डॉ. पूर्वा, पीडीडीआरडीए प्रणय कृष्ण, उप निदेशक कृषि संदीप पाल सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।








