महिला दिवस पर जनता देश संगठन महिला विंग का भव्य सम्मेलन

महिला सशक्तिकरण और बेटियों की शिक्षा पर दिया गया जोर

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जनता देश संगठन (जीडीएस) महिला विंग के तत्वावधान में अंबाला रोड स्थित पिलखनी के एक फार्म हाउस में भव्य महिला सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन संगठन की राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट पिंकी पवन शिंदे के नेतृत्व में संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर महिला सशक्तिकरण और जागरूकता का संदेश दिया।

कार्यक्रम में भारतीय किसान यूनियन (भानु) की वरिष्ठ नेत्री चौधरी प्रीति माजरा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं। वह अपने निवास माजरा से काफिले के साथ कार्यक्रम स्थल पर पहुंचीं, जहां आयोजकों और उपस्थित महिलाओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत और सम्मान किया।

अपने संबोधन में चौधरी प्रीति माजरा ने सभी महिलाओं को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज महिलाएं देश के विकास में बराबर की भागीदार बन रही हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम महिलाओं में जागरूकता और आत्मविश्वास बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनते हैं।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में महिलाएं राजनीति, प्रशासन, खेल, शिक्षा और विज्ञान सहित अनेक क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं और देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने समाज से आह्वान करते हुए कहा कि बेटियों को शिक्षित बनाना हम सभी की जिम्मेदारी है। यदि बेटियां शिक्षित और आत्मनिर्भर बनेंगी तो समाज और देश का भविष्य उज्ज्वल होगा।

कार्यक्रम के अंत में आयोजक एडवोकेट पिंकी पवन शिंदे ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता देश संगठन महिला विंग भविष्य में भी महिलाओं के अधिकार, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए ऐसे कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी।

इस अवसर पर विशिष्ट अतिथियों में मीना कुमारी बौद्ध, सुनीता जैन, प्रीति माजरा, ममता पटेल, निशा बर्मन, अनिता, सिस्टर मबल, डॉ. अतुल वर्मा, पूनम देवी, पूर्व प्रधान सुमित्रा देवी सहित महिला विंग की पदाधिकारी उमा, प्रवेश, सुनीता, कोमल, बालेश, संजीता, बरखा, कोमल देवी, सपना, सोनिया, सुमन और संगीता चौधरी मौजूद रहीं। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश अध्यक्षा बबीता कश्यप ने किया।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य