शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत (14 मार्च 2026) के व्यापक प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से पंजाब नेशनल बैंक के मंडल कार्यालय सहारनपुर द्वारा विशेष जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। अभियान के तहत मंडल प्रमुख ललित भाटिया ने लोक अदालत के प्रचार के लिए एक ई-रिक्शा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जो शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर लोगों को लोक अदालत से संबंधित जानकारी देगा।
बैंक अधिकारियों ने बताया कि 14 मार्च को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में बैंक से जुड़े ग्राहकों के एनपीए (नॉन-परफॉर्मिंग एसेट्स) खातों के निस्तारण के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। लोक अदालत एक वैकल्पिक न्यायिक मंच है, जहां बैंक और ऋणग्राही आपसी सहमति से अपने लंबित ऋण मामलों का सरल, त्वरित और सौहार्दपूर्ण समाधान कर सकते हैं।

लोक अदालत के माध्यम से बैंक के बकाया ऋणों के मामलों का समाधान आपसी समझौते के आधार पर किया जाता है। इससे ग्राहकों को न्यायालयों में लंबित मामलों से राहत मिलती है तथा उन्हें ब्याज में रियायत, दंडात्मक शुल्क में छूट और आसान भुगतान व्यवस्था जैसी सुविधाएं भी मिल सकती हैं। इससे एक ओर ग्राहकों को आर्थिक राहत मिलती है, वहीं बैंकिंग व्यवस्था को भी मजबूती मिलती है।
पंजाब नेशनल बैंक मंडल कार्यालय सहारनपुर द्वारा इस राष्ट्रीय स्तर के आयोजन को सफल बनाने और अधिक से अधिक ग्राहकों तक इसकी जानकारी पहुंचाने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में ई-रिक्शा के माध्यम से शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में लोक अदालत की जानकारी प्रसारित की जाएगी, ताकि पात्र ऋणग्राही समय रहते अपने बकाया खातों के समाधान के लिए आगे आ सकें।
इस अवसर पर अग्रणी बैंक जिला प्रबंधक (एलडीएम) कृषानू दास, मुख्य प्रबंधक ओमप्रकाश भलोटीया, मुख्य प्रबंधक निशा, आरसेटी निदेशक दीपक कुमार सहित बैंक के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने ग्राहकों से अपील की कि वे राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर अपने ऋण खातों का सौहार्दपूर्ण समाधान कराएं और इस अवसर का लाभ उठाएं।









