शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से सहारनपुर परिक्षेत्र के डीआईजी अभिषेक सिंह ने परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया। यह परीक्षा 14 और 15 मार्च 2026 को आयोजित की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान डीआईजी अभिषेक सिंह ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर, पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक यातायात (नोडल अधिकारी) तथा अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ थाना रामपुर मनिहारन क्षेत्र में स्थित गोचर महाविद्यालय परीक्षा केंद्र का दौरा किया।


इस दौरान परीक्षा केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों के प्रवेश की व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की स्थिति, परीक्षा कक्षों की व्यवस्थाओं तथा ड्यूटी में तैनात पुलिस बल का जायजा लिया गया।
डीआईजी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराया जाए। इसके लिए परीक्षा केंद्र के आसपास सघन चेकिंग, बेहतर यातायात व्यवस्था और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अनियमितता को सख्ती से रोका जाए और सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही न बरती जाए।








