शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। जनगणना-2027 को लेकर महानगर में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इस बार जनगणना का कार्य पूरी तरह डिजिटल मोड में किया जाएगा। इसके लिए नगर निगम स्तर पर जनगणना सेल का गठन कर अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
लखनऊ निदेशालय से आए सहायक निदेशक व जनगणना के मंडल प्रभारी आशुतोष कुमार ने नगर निगम के शाकुंभरी सभागार में आयोजित कार्यशाला में जनगणना सेल से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को मकान सूचीकरण सहित जनगणना से संबंधित तकनीकी जानकारी दी। प्रशिक्षण में डिजिटल प्रणाली के माध्यम से डेटा एकत्र करने की प्रक्रिया भी समझाई गई।
जोन प्रभारी एवं कर निर्धारण अधिकारी श्रुति महेश्वरी ने बताया कि महानगर में जनगणना कार्य के लिए तीन जोन बनाए गए हैं और प्रत्येक जोन के लिए अलग-अलग प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। उन्होंने बताया कि जनगणना का कार्य दो चरणों में पूरा किया जाएगा। पहला चरण मई 2026 से 20 जून 2026 तक चलेगा, जबकि दूसरा चरण फरवरी 2027 में आयोजित होगा।

उन्होंने बताया कि इस बार पहली बार स्वजनगणना की व्यवस्था भी की गई है, जिसके तहत नागरिक स्वयं ऑनलाइन माध्यम से अपना विवरण दर्ज कर सकेंगे। इसके लिए 33 प्रश्नों की प्रश्नावली तैयार की गई है।
नगरायुक्त शिपू गिरि ने जनगणना सेल में नियुक्त अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि जनगणना निदेशालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार कार्य को पूरी जिम्मेदारी और तत्परता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जनगणना सेल में अपर नगरायुक्त मृत्युंजय को जनगणना अधिकारी बनाया गया है। इसके अलावा सहायक नगरायुक्त जे.पी. यादव और विकास धर दुबे तथा कर निर्धारण अधिकारी श्रुति महेश्वरी को अलग-अलग जोन की जिम्मेदारी दी गई है। कर निर्धारण अधिकारी सुधीर शर्मा, सुरेंद्र सिंह और आशुतोष गुप्ता तथा सफाई निरीक्षक अमित तोमर, आशीष धौलाखण्डी और अमर ज्योति को सहायक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इसके अलावा जनगणना मानचित्रकार अरविंद अरोड़ा, मुख्य जनगणना लिपिक इंद्रजीत आनंद, वरिष्ठ लिपिक दीपक वर्मा, अनुज सैनी, अपार गुप्ता तथा आईटी ऑफिसर मोहित तलवार सहित कई कर्मचारियों को भी विभिन्न दायित्व सौंपे गए हैं। कार्यशाला में नगर निगम और राजस्व विभाग के कई कर्मचारी भी मौजूद रहे।









