शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। नगर निगम में आयोजित जनसुनवाई के दौरान प्राप्त छह शिकायतों में से तीन का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष तीन समस्याओं के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को स्थलीय निरीक्षण कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
अपर नगरायुक्त प्रदीप यादव की अध्यक्षता में हुई जनसुनवाई में वार्ड 54 उपवन विहार निवासी इसरार चौधरी ने गैस गोदाम के पास आवारा कुत्तों को पकड़वाने और क्षेत्र में सफाई कराने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस पर अपर नगरायुक्त के निर्देश पर नगर निगम के पशु चिकित्सा कल्याण अधिकारी ने तत्काल डॉग कैचर टीम को मौके पर भेजकर कुत्तों को पकड़वाया। अधिकारियों ने बताया कि पकड़े गए कुत्तों का बंध्याकरण कर उन्हें पुनः उसी स्थान पर छोड़ा जाएगा। साथ ही क्षेत्र में सफाई निरीक्षक व सफाई कर्मियों को भेजकर साफ-सफाई भी कराई गई।

इसी प्रकार वार्ड 34 पंजाबी बाग निवासी आदित्य सिंह ने नाली की सफाई को लेकर शिकायत की थी, जिस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए नाली की सफाई कराकर समस्या का समाधान कर दिया गया।
इसके अलावा वार्ड 06 उषा विहार, चिलकाना रोड निवासी सरीता ने कॉलोनी में बने नाले की सफाई, वार्ड 14 पटेलनगर निवासी नीलम ने एक डेरी संचालक द्वारा गोबर डालकर गंदगी फैलाने तथा वार्ड 14 न्यू पटेल नगर निवासी सुनील कुमार ने कॉलोनी की स्ट्रीट लाइट ठीक कराने के संबंध में प्रार्थना पत्र दिए। इन मामलों में अपर नगरायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को स्थलीय निरीक्षण कर शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान मुख्य अभियंता (निर्माण) सुरेश चंद सहित नगर निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।









