सरकारी आश्वासन समिति की बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा

जिला अस्पताल, ढमोला नदी पर बन रहे पुल और विद्यालय का किया निरीक्षण

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश विधानसभा की सरकारी आश्वासन संबंधी समिति की बैठक सर्किट हाउस सभागार में सभापति राजपाल सिंह बालियान की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों और लंबित आश्वासनों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान समिति ने जनपद के आवास एवं शहरी नियोजन, वन, पर्यावरण, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, चीनी एवं गन्ना उद्योग, नगर विकास, भूतत्व एवं खनिकर्म, राजस्व, सिंचाई एवं जल संसाधन, गृह, कारागार, लोक निर्माण, बेसिक शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा तथा खाद्य एवं रसद विभागों से संबंधित लंबित मामलों की समीक्षा की।

चिकित्सा विभाग की समीक्षा करते हुए सभापति राजपाल सिंह बालियान ने निर्देश दिए कि चिकित्सकों की उपलब्धता के अनुसार सभी सीएचसी और पीएचसी में चिकित्सकों की नियुक्ति सुनिश्चित की जाए। समिति के सदस्य राजीव गुंबर ने अस्पतालों में खराब पड़ी अल्ट्रासाउंड मशीनों को शीघ्र ठीक कराने के निर्देश दिए और कहा कि लापरवाही की स्थिति में आपूर्तिकर्ता कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

सभापति ने अधिकारियों से कहा कि कार्यों को केवल पत्राचार तक सीमित न रखें, बल्कि व्यक्तिगत रुचि लेकर योजनाओं को समय पर पूरा कराएं। उन्होंने सहारनपुर विकास प्राधिकरण द्वारा विकसित की जा रही नई कॉलोनियों पर संतोष व्यक्त किया। साथ ही नगर निगम को जल की स्वच्छता बनाए रखने और उद्योगों से होने वाले प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए पहल करने को कहा।

नगर विकास विभाग को ढमोला नदी की सफाई के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। नगर आयुक्त शिपू गिरि ने बताया कि इस संबंध में एक प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। सभापति ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी कार्य को शुरू करने से पहले जनप्रतिनिधियों से सलाह अवश्य लें और कार्य पूर्ण होने के बाद उन्हें अवगत कराएं।

इसके अलावा लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिया गया कि पिछले वर्ष की कार्ययोजना में बचे हुए कार्यों को इस वर्ष की योजना में शामिल कर पूरा किया जाए। समिति के सदस्य राजीव गुंबर ने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देश दिए कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली की दुकानों पर घटतौली न होने पाए।

बैठक के बाद समिति के सभापति और सदस्यों ने जिला अस्पताल, ढमोला नदी पर निर्माणाधीन पुल तथा उच्च प्राथमिक विद्यालय मनोहरपुर का निरीक्षण किया। जिला अस्पताल में सिटी स्कैन कक्ष, आपातकालीन वार्ड और रैन बसेरा का निरीक्षण कर भर्ती मरीजों से उपचार की जानकारी ली। इसके अलावा बेरी बाग क्षेत्र में नवनिर्मित सड़क का भी निरीक्षण किया गया और उसकी गुणवत्ता की जांच के निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर समिति के सदस्य नगर विधायक राजीव गुंबर, रामखिलाड़ी सिंह, जिलाधिकारी मनीष बंसल, मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन, विकास प्राधिकरण से संतोष कुमार राय, नगर आयुक्त शिपू गिरि सहित सभी जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य