शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। माननीय राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण और राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार 14 मार्च 2026 को सहारनपुर जनपद एवं सभी तहसीलों में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इसके प्रचार-प्रसार के लिए बुधवार को जनपद न्यायालय परिसर से जागरूकता प्रचार वाहन को रवाना किया गया।
प्रचार वाहन को जनपद न्यायाधीश सतेन्द्र कुमार, प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय देवेन्द्र सिंह, पीठासीन अधिकारी मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण अम्बर रावत, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राहुल त्यागी और सचिव पालम राणा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश सतेन्द्र कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत का मुख्य उद्देश्य आपसी विवादों का सुलह-समझौते के आधार पर त्वरित निस्तारण करना है। उन्होंने कहा कि लोक अदालत में निपटाए गए मामलों में किसी प्रकार की अपील नहीं होती और वाद में जमा की गई न्यायालय शुल्क भी वापस कर दी जाती है। उन्होंने सभी अधिवक्ताओं, वादकारियों और संबंधित पक्षों से अधिक से अधिक मामलों के निस्तारण के लिए लोक अदालत में भाग लेने की अपील की।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पूर्णकालिक सचिव पप्पू कुमार सिंह ने बताया कि यह प्रचार वाहन 11 मार्च से 12 मार्च तक सहारनपुर के विभिन्न गांवों, तहसीलों, पंचायतों और दूरदराज क्षेत्रों में जाकर लोगों को राष्ट्रीय लोक अदालत और विभिन्न कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करेगा। इस अभियान में पैरा लीगल वॉलंटियर्स को भी नामित किया गया है।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में मोटर दुर्घटना प्रतिकर अधिनियम से संबंधित वाद, वैवाहिक वाद (तलाक के मामलों को छोड़कर), लघु शमनीय वाद, भारतीय उत्तराधिकार अधिनियम से जुड़े वाद, एनआई एक्ट के वाद, दीवानी वाद, विद्युत अधिनियम से संबंधित वाद, मोटर वाहन अधिनियम और यातायात ई-चालान से जुड़े वाद, भूराजस्व के वाद तथा बैंक ऋण से संबंधित विवादों का आपसी सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण किया जाएगा।
प्रशासन का कहना है कि अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी से राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाया जा सकता है और लंबित मामलों का त्वरित समाधान संभव हो सकेगा।








