शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। आगामी ईद पर्व के मद्देनजर शांति और सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से बुधवार को थाना कुतुबशेर क्षेत्र स्थित सिटी पैलेस में शांति बैठक आयोजित की गई। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह, पुलिस अधीक्षक नगर व्योम बिंदल, पुलिस अधीक्षक देहात सागर जैन, अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार सहित अन्य अधिकारियों ने धर्मगुरुओं, गणमान्य नागरिकों और क्षेत्रीय लोगों के साथ संवाद किया।

बैठक के दौरान अधिकारियों ने सभी से अपील की कि ईद का त्योहार आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाया जाए। उन्होंने कहा कि समाज में आपसी सहयोग और सद्भाव बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।
अधिकारियों ने लोगों को यह भी अवगत कराया कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट साझा करने से बचें। यदि कहीं कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।
बैठक में उपस्थित धर्मगुरुओं और नागरिकों ने भी प्रशासन को सहयोग का आश्वासन दिया और ईद पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से मनाने का संकल्प लिया।









