शहरी चौपाल ब्यूरो
शामली। दिल्ली मंडल के रेलवे ट्रैकमैन कर्मचारियों ने बुधवार को शामली रेलवे स्टेशन गेट पर धरना प्रदर्शन करते हुए एसएसई पी-वे इंचार्ज पर पद के दुरुपयोग, पक्षपात और रेल सुरक्षा से खिलवाड़ करने के गंभीर आरोप लगाए। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो वे अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करेंगे।
ट्रैकमैन कर्मचारियों ने स्टेशन गेट पर दरी बिछाकर विरोध प्रदर्शन किया और अपनी समस्याओं को लेकर नारेबाजी भी की। इस संबंध में कर्मचारियों ने मंडल रेल प्रबंधक नई दिल्ली और महाप्रबंधक उत्तर रेलवे को पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की है।

कर्मचारियों का आरोप है कि शामली सेक्शन के एसएसई पी-वे इंचार्ज संजय शर्मा पिछले छह वर्षों से अधिक समय से एक ही स्थान पर तैनात हैं, जो रेलवे बोर्ड की रोटेशन नीति के विरुद्ध है। कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से एक ही स्थान पर तैनाती के कारण भ्रष्टाचार और मनमानी बढ़ गई है, जिससे उन्हें प्रतिदिन समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
आरोप है कि अधिकारी स्थानीय निवासी होने के कारण अपने प्रभाव का अनुचित लाभ उठाते हुए कुछ चुनिंदा ट्रैकमैन कर्मचारियों को फील्ड ड्यूटी से हटाकर कार्यालय और ट्रॉलीमैन के रूप में तैनात कर रहे हैं। इससे कार्य का वितरण असमान हो गया है और अन्य कर्मचारियों में असंतोष बढ़ रहा है।
कर्मचारियों का कहना है कि ट्रॉली पर कार्य करने वाले स्थायी कर्मचारियों को प्रतिमाह आठ से दस हजार रुपये तक अतिरिक्त भत्ता मिलता है, जिससे अन्य कर्मचारियों में नाराजगी है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अधिकारी अपने पद और स्थानीय प्रभाव का उपयोग कर कर्मचारियों पर मानसिक दबाव बनाते हैं।
ट्रैकमैन कर्मचारियों ने मांग की है कि स्थायी रूप से तैनात ट्रॉलीमैन व्यवस्था समाप्त कर सभी कर्मचारियों से समान रूप से ट्रैक पर कार्य लिया जाए। साथ ही संबंधित अधिकारी के खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उनका तत्काल स्थानांतरण किया जाए।
धरना प्रदर्शन में विकास, राकेश कुमार, संजीव कुमार, संजय कुमार, कविंद्र मलिक, रमाशंकर, नाकुल कुमार, प्रशांत राठी, रवि कुमार मलिक, विकास कश्यप सहित कई कर्मचारी मौजूद रहे।








