28 मार्च से शुरू होगा आईपीएल 2026, चेन्नई और बेंगलुरू के बीच होगा पहला मुकाबला

नई दिल्ली। देश की लोकप्रिय ट्वेंटी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता आईपीएल 2026 का आगाज 28 मार्च से होने जा रहा है। प्रतियोगिता को लेकर आधिकारिक पुष्टि हो चुकी है, हालांकि अभी भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड की ओर से पूरे कार्यक्रम की घोषणा नहीं की गई है। बताया जा रहा है कि इस बार पांच राज्यों में होने वाले चुनावों के कारण प्रतियोगिता का कार्यक्रम दो चरणों में जारी किया जा सकता है।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार बोर्ड पहले चरण में शुरुआती 20 मुकाबलों का कार्यक्रम 12 मार्च को जारी कर सकता है। इस बार टूर्नामेंट के उद्घाटन मुकाबले को लेकर भी बदलाव देखने को मिल सकता है। आमतौर पर आईपीएल के नए सत्र का पहला मैच पिछले सत्र की विजेता और उपविजेता टीम के बीच खेला जाता है, लेकिन इस बार यह परंपरा बदल सकती है।
जानकारी के अनुसार आईपीएल 2026 का पहला मुकाबला 28 मार्च को चेन्नई सुपर किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के बीच खेला जाएगा। यह रोमांचक मुकाबला बेंगलुरू के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में आयोजित होने की संभावना है। दोनों टीमें आईपीएल की मजबूत और लोकप्रिय टीमों में शामिल हैं, ऐसे में उद्घाटन मुकाबले के बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है।
वहीं पंजाब किंग्स अपना पहला मुकाबला 29 मार्च को गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेल सकती है। यह मैच पंजाब के नए घरेलू मैदान महाराजा यादविंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, मुल्लांपुर में खेले जाने की संभावना जताई जा रही है।
आईपीएल 2026 से पहले भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड ने सभी फ्रेंचाइजी को कप्तानों और प्रशिक्षकों की वार्षिक बैठक की जानकारी भी दे दी है। यह बैठक 25 मार्च को मुंबई में आयोजित की जाएगी। बैठक का एजेंडा अभी सार्वजनिक नहीं किया गया है, लेकिन माना जा रहा है कि प्रतियोगिता से जुड़े नियमों और संभावित बदलावों पर चर्चा होगी।
इसके अलावा 15 मार्च को नई दिल्ली में सभी टीमों के कप्तानों का आधिकारिक फोटोशूट भी आयोजित किया जाएगा। आईपीएल 2026 के शुरू होने से पहले ही देशभर के क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह देखने को मिल रहा है।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य