ईदुल फितर को लेकर शांति समिति की बैठक, प्रशासन ने सौहार्द बनाए रखने की अपील

शहरी चौपाल ब्यूरो 
सहारनपुर। आगामी ईदुल फितर और आखिरी जुमे को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को सिटी पैलेस में नगर व शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह ने की, जिसमें प्रशासनिक अधिकारियों, धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने भाग लिया।
बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह ने सभी से ईद का त्योहार आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने लोगों से कहा कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट साझा न करें और यदि कहीं कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।


शहर काजी नदीम अख्तर ने लोगों से अपील की कि ईद की नमाज ईदगाह और मस्जिदों के अंदर ही अदा करें तथा सड़कों पर नमाज न पढ़ें और शासन की गाइडलाइन का पालन करें। जामा मस्जिद प्रबंधक मौलवी फरीद ने ईद के दिन सड़कों पर लगने वाले जाम और ई-रिक्शा के रूट को व्यवस्थित करने की आवश्यकता बताई।
बैठक में पुलिस अधीक्षक नगर व्योम बिंदल, पुलिस अधीक्षक देहात सागर जैन और क्षेत्राधिकारी सदर मनोज कुमार ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि प्रशासन हर समय जनता के सहयोग के लिए तैयार है और लोगों को भी प्रशासन का सहयोग करना चाहिए। उन्होंने त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की।
कार्यक्रम का संचालन कर रहे पार्षद व कार्यकारिणी सदस्य मंसूर बदर ने ईद के अवसर पर विद्युत व्यवस्था सुचारू रखने, अतिक्रमण हटाने और ईद की नमाज के आधा घंटे बाद बड़े वाहनों की शहर में एंट्री कराने की मांग रखी। उन्होंने बताया कि ईदगाह जाने वाले मार्गों पर मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया है तथा जहां नलकूपों पर जनरेटर नहीं हैं, वहां ईद से तीन दिन पहले और तीन दिन बाद तक जनरेटर की व्यवस्था की जाएगी ताकि बिजली बाधित होने पर पानी की समस्या न हो।


बैठक में कुतुबशेर कोतवाल एच.एन. सिंह, कोतवाल नेमचंद, मंडी कोतवाल रजत त्यागी, समाजसेवी आरिफ खान, दानिश आबदी, मौलाना अहमद, डॉ. रियाज, जाकिर, अंसार मसूदी, सभासद फैसल, समीर अंसारी, उस्मान मलिक, जावेद मलिक, अलमास, जाकिर, इमरान कुरैशी, अरशद जमाल, शाहनवाज चांद सहित जिले के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य