शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। सहारनपुर मंडल के आयुक्त डा० रूपेश कुमार ने गुरुवार को जिला महिला चिकित्सालय में एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण बूथ का फीता काटकर उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी वैक्सीन को नियमित टीकाकरण कार्यक्रम में शामिल किया गया है।
उन्होंने बताया कि 28 फरवरी 2026 को प्रधानमंत्री द्वारा राजस्थान के अजमेर से एचपीवी वैक्सीन अभियान का शुभारंभ किया गया था। राज्य सरकार के निर्देशानुसार पहले तीन माह तक इसे विशेष अभियान के रूप में चलाया जाएगा, जिसके बाद इसे नियमित टीकाकरण कार्यक्रम में शामिल कर लिया जाएगा।
मुख्य चिकित्साधिकारी डा० प्रवीण कुमार ने बताया कि एचपीवी का टीका महिलाओं में कैंसर से बचाव करने वाला महत्वपूर्ण टीका है। भारत में महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर कैंसर से होने वाली मौतों का दूसरा सबसे बड़ा कारण है। ऐसे में इस टीके का लगना किशोरियों के स्वास्थ्य की दृष्टि से अत्यंत आवश्यक है।

जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा० मुकेश कुमार ने बताया कि इस अभियान के तहत 14 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुकी और 15 वर्ष से कम आयु की बालिकाओं को एचपीवी का टीका लगाया जाएगा। यह टीकाकरण फिलहाल जिला महिला चिकित्सालय में प्रतिदिन निःशुल्क उपलब्ध है और शीघ्र ही जनपद के सभी ब्लॉक स्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर भी इसे शुरू किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जनपद के सभी ब्लॉक स्तर के अधिकारियों को इस संबंध में प्रशिक्षित किया जा चुका है और जिले में पर्याप्त मात्रा में एचपीवी वैक्सीन उपलब्ध करा दी गई है।
आयुक्त डा० रूपेश कुमार ने जनपद के अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपनी 14 से 15 वर्ष की बालिकाओं का एचपीवी टीकाकरण अवश्य कराएं, ताकि उन्हें सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा मिल सके।
इस अवसर पर जिला महिला चिकित्सालय की मुख्य चिकित्सा अधीक्षिका डा० इंदिरा सिंह, डा० नवदीप गुप्ता, डा० संजय यादव, डा० मनदीप सिंह, डा० कुनाल जैन, विभिन्न सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधि, एएनएम और चिकित्सालय का स्टाफ उपस्थित रहा।








