शहरी चौपाल ब्यूरो
देवबंद (सहारनपुर)। देवबंद क्षेत्र में भीम सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष पर फायरिंग की घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। बाइक सवार दो अज्ञात युवकों द्वारा की गई फायरिंग में वह बाल-बाल बच गए, हालांकि उन्हें मामूली चोटें आई हैं। पीड़ित की ओर से कोतवाली में तहरीर दी गई है, जबकि पुलिस मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार हरियाणा के गुरुग्राम जनपद के गांव खाडपा निवासी भीम सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सतपाल तंवर मंगलवार को देवबंद क्षेत्र के गांव गुनारसा में अपने साढ़ू के घर पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। बताया जाता है कि जब वह अपनी सेंट्रो कार से वापस गुरुग्राम लौट रहे थे, तभी गांव के पास बाइक सवार दो युवकों ने उन पर फायरिंग कर दी।

फायरिंग की घटना में सतपाल तंवर बाल-बाल बच गए और उन्हें मामूली चोटें आईं। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वहीं उनकी पत्नी ने भी इस संबंध में सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर घटना की जानकारी दी।
सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सतपाल तंवर द्वारा बताए गए स्थान के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुट गई है। पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है।
क्या कहते हैं पुलिस अधिकारी
पुलिस अधीक्षक देहात सागर जैन ने बताया कि पूरे प्रकरण में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।








