शहरी चौपाल ब्यूरो
देवबंद (सहारनपुर)। उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षक संघ के प्रदेश संगठन मंत्री सुशील सिन्हा ने प्रशांत त्यागी को सहारनपुर जिले का जिला उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। साथ ही उन्हें संगठन की ओर से देवबंद तहसील का प्रभारी भी बनाया गया है।
जारी नियुक्ति पत्र में प्रदेश संगठन मंत्री सुशील सिन्हा ने बताया कि सहारनपुर निवासी और एसवीएम मॉडल पब्लिक स्कूल बचीटी के प्रबंधक प्रशांत त्यागी को संगठन में सक्रिय भूमिका और कार्यशैली को देखते हुए यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें जिले में संगठन को मजबूत करने तथा जिला कार्यकारिणी का गठन करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षक संघ प्रदेश का सबसे पुराना संगठन है, जो सहारनपुर से लेकर लखनऊ तक स्कूल प्रबंधकों और शिक्षकों की समस्याओं को समय-समय पर उठाता रहा है।

जिला उपाध्यक्ष पद पर मनोनयन के बाद प्रशांत त्यागी ने कहा कि वह जिले के स्कूल संचालकों और शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय रूप से कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि किसी भी स्कूल या शिक्षक का शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और संगठन द्वारा दी गई जिम्मेदारी को निष्पक्षता और गंभीरता के साथ निभाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जल्द ही जिले की कार्यकारिणी का गठन कर उसकी सूची प्रदेश कार्यालय को भेज दी जाएगी। प्रशांत त्यागी के जिला उपाध्यक्ष नियुक्त होने पर क्षेत्र के स्कूल संचालकों और शिक्षकों में खुशी की लहर है।








