शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। आगामी माँ शाकम्भरी देवी मेला-2026 के सफल और सुरक्षित आयोजन को लेकर गुरुवार को कलैक्ट्रेट सभागार में प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी सहारनपुर और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर ने की।
बैठक में 19 मार्च से 4 अप्रैल 2026 तक आयोजित होने वाले मेले की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों ने मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं को लेकर चर्चा की और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अधिकारियों ने कहा कि मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए व्यवस्थाओं को समय रहते पूरा करें। विशेष रूप से सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि मेले के दौरान साफ-सफाई, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। संबंधित अधिकारियों को मेले की तैयारियों की नियमित निगरानी करने और सभी व्यवस्थाओं को समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।








