शहरी चौपाल ब्यूरो
थानाभवन (शामली)। कस्बे के मोहल्ला रोगन ग्राम में बढ़ती गंदगी को लेकर स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है। समस्या से परेशान नागरिकों ने पूर्व सभासद वसीम त्यागी के नेतृत्व में नगर पंचायत से जल्द सफाई कराने की मांग की है।
इस संबंध में नागरिकों ने नगर पंचायत थानाभवन के अध्यक्ष एवं अधिशासी अधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपकर मोहल्ले की समस्या से अवगत कराया। प्रार्थना पत्र में बताया गया कि क्षेत्र में काफी समय से कूड़ा और गंदगी जमा है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गंदगी के कारण क्षेत्र में बीमारियों का खतरा बढ़ गया है और बच्चे तथा बुजुर्ग सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने नगर पंचायत प्रशासन से जल्द सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।
पूर्व सभासद वसीम त्यागी ने कहा कि वर्तमान में त्योहारों का मौसम चल रहा है, ऐसे में मोहल्ले की गलियों की शीघ्र सफाई कराना आवश्यक है ताकि लोगों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सके। उन्होंने उम्मीद जताई कि नगर पंचायत प्रशासन समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द ही उचित कार्रवाई करेगा।
वहीं स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते सफाई व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो गंदगी के कारण संक्रामक बीमारियां फैलने का खतरा और बढ़ सकता है। इसलिए प्रशासन से जल्द समाधान की मांग की गई है।








