शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर, । जनपद में 19 मार्च से 2 अप्रैल 2026 तक आयोजित होने वाले सिद्धपीठ मां श्री शाकम्भरी देवी मेले की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन भी मौजूद रहे।
जिलाधिकारी ने मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पूरे मेला क्षेत्र को सीसीटीवी कैमरों और सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली से युक्त किया जाए, ताकि सुरक्षा और सूचना व्यवस्था बेहतर बनी रहे।
बैठक के दौरान डीएफओ और जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी के बिना सूचना अनुपस्थित रहने पर जिलाधिकारी ने सख्त नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेला आयोजन से जुड़ी जिम्मेदारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पार्किंग, स्वास्थ्य और सफाई पर विशेष जोर
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि पार्किंग व्यवस्था के लिए पहले से पर्याप्त भूमि चिन्हित की जाए। पार्किंग स्थलों पर प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे और पब्लिक एड्रेस सिस्टम की व्यवस्था अनिवार्य रूप से की जाए। साथ ही वहां तैनात कर्मचारियों की सूची पुलिस और प्रशासन को उपलब्ध कराते हुए उनका पुलिस सत्यापन भी कराया जाए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश देते हुए कहा कि मेले के दौरान 24 घंटे चिकित्सकों की तैनाती, एम्बुलेंस और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
स्वच्छता और विद्युत सुरक्षा के निर्देश
जिलाधिकारी ने कहा कि मेला क्षेत्र और भंडारों में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था रखी जाए। पर्याप्त संख्या में डस्टबिन लगाए जाएं और सफाई कर्मचारियों तथा सुपरवाइजरों की ड्यूटी लगाई जाए। उन्होंने सफाई कर्मचारियों को रिफ्लेक्टर जैकेट उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।
इसके अलावा स्थायी और अस्थायी शौचालयों की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा विद्युत विभाग को मेला क्षेत्र में विद्युत सुरक्षा के विशेष इंतजाम करने को कहा गया। उन्होंने निर्देश दिए कि कहीं भी विद्युत तार लटकते न रहें और खंभों की उचित सुरक्षा की जाए।मेले के दौरान निर्माण कार्य पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा और सुरक्षा के लिए आवश्यक स्थानों पर बैरिकेडिंग की जाएगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन, पुलिस अधीक्षक देहात सागर जैन, अपर जिलाधिकारी प्रशासन संतोष बहादुर सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सलिल कुमार पटेल, उपजिलाधिकारी बेहट मानवेन्द्र सिंह, एआरटीओ एमपी सिंह, श्री शाकम्भरी देवी मंदिर के प्रबंधक अतुल्य राणा सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।








