शहरी चौपाल ब्यूरो
देवबंद (सहारनपुर)। देवबंद क्षेत्र में स्टेट हाईवे पर शुक्रवार रात ट्रैक्टर-ट्रॉली और दो कारों के बीच हुई भिड़ंत में एक कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दूसरी कार में सवार कई लोग मामूली रूप से जख्मी हो गए। हादसे के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात भी बाधित रहा।
जानकारी के अनुसार देवबंद क्षेत्र के गांव सालहापुर निवासी मोनू पुत्र यशपाल मुजफ्फरनगर से अपने गांव लौट रहा था। शुक्रवार रात करीब नौ बजे जब वह घलौली चेक पोस्ट के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसकी कार को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक मोनू गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली ने एक बोलेरो कार को भी टक्कर मार दी, जिसमें सवार कई लोग मामूली रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क किनारे खाई में जाकर पलट गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल मोनू को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात को सुचारु कराया। कोतवाली प्रभारी अमरपाल शर्मा ने बताया कि मामला संज्ञान में है। अभी किसी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।








