शहरी चौपाल ब्यूरो
नकुड़ (सहारनपुर)। नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नकुड़ पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 53 लाख रुपये कीमत की स्मैक के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चल रहे अभियान के तहत थाना नकुड़ की अंबेहटा चौकी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार के नेतृत्व में चौकी प्रभारी देवेंद्र अधाना की टीम ने गुरुवार शाम नकुड़ रोड स्थित अंबेहटा गांव के रास्ते पर संदिग्ध रूप से घूम रहे युवक को दबोच लिया।
तलाशी लेने पर युवक के पास से 268 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 53 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान राशिद पुत्र कमरू निवासी ग्राम घाटमपुर, थाना नकुड़ के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश कर दिया है।
नशा तस्करों के खिलाफ अभियान जारी
थाना प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार और चौकी प्रभारी देवेंद्र अधाना ने कहा कि क्षेत्र में नशे के कारोबार को समाप्त करने के लिए पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और किसी भी तस्कर को बख्शा नहीं जाएगा।
बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले भी पुलिस ने इसी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए करीब दो करोड़ रुपये से अधिक कीमत की स्मैक के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
नकुड़ पुलिस की लगातार कार्रवाई से क्षेत्र के नशा तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस मुस्तैदी की सराहना की है।








