शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग को लेकर शुक्रवार को देवबंद क्षेत्र के नागरिकों ने धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपकर केंद्र सरकार से इस दिशा में ठोस कदम उठाने की मांग की गई।
देवबंद क्षेत्र के नागरिक दीपक पाल के नेतृत्व में लोग हकीकत नगर स्थित रामलीला मैदान में एकत्र हुए, जहां उन्होंने गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग को लेकर धरना दिया और अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा।
गौवंश संरक्षण के लिए ठोस नीति बनाने की मांग
प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन में कहा गया कि भारत में गाय का धार्मिक, सामाजिक और आर्थिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान है। वर्तमान समय में गौहत्या तथा निराश्रित गौवंश के सड़कों पर दयनीय स्थिति में घूमने के कारण इनके अस्तित्व पर संकट उत्पन्न हो रहा है।

जनभावनाओं के सम्मान की उठाई मांग
ज्ञापन में दीपक पाल ने कहा कि देश की बड़ी आबादी की धार्मिक भावनाएं गौमाता से जुड़ी हुई हैं, इसलिए जनभावनाओं का सम्मान करते हुए गौमाता को ‘राष्ट्रमाता’ घोषित किया जाना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री से गौवंश के संरक्षण और संवर्धन के लिए प्रभावी नीति बनाने तथा गौमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा देने की मांग की।
धरना-प्रदर्शन के दौरान क्षेत्र के कई नागरिक मौजूद रहे।








