आज सहारनपुर आएंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, शाकंभरी क्षेत्र में विकास कार्यों की करेंगे समीक्षा

निर्माणाधीन परियोजनाओं का निरीक्षण, चैत्र नवरात्र मेले की तैयारियों का भी लेंगे जायजा

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को सहारनपुर के शाकंभरी क्षेत्र का दौरा करेंगे। अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री दोपहर लगभग 2:25 बजे नगला माफी गांव पहुंचेंगे, जहां वे विभिन्न निर्माणाधीन विकास परियोजनाओं का निरीक्षण करेंगे। साथ ही सिद्धपीठ श्री शाकंभरी देवी मंदिर में दर्शन कर क्षेत्र में चल रहे पर्यटन विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा भी करेंगे।

मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। शुक्रवार को मंडलायुक्त रूपेश कुमार, डीआईजी अभिषेक सिंह, जिलाधिकारी मनीष बंसल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह ने सिद्धपीठ शाकंभरी देवी पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

हेलीपैड से लेकर सुरक्षा व्यवस्था तक की गई तैयारी

मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए नगला माफी गांव के पास हेलीकॉप्टर की लैंडिंग के लिए अस्थायी हेलीपैड तैयार कराया गया है। इसके अलावा नगला माफी से भूरादेव तक सड़क मार्ग के दोनों ओर विशेष सफाई अभियान चलाया गया है। सफाईकर्मियों की टीम पूरे मार्ग को साफ-सुथरा रखने में जुटी रही, ताकि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान व्यवस्थाएं सुचारु रूप से बनी रहें।

75 करोड़ की लागत से चल रहे विकास कार्य

पर्यटन विभाग के अनुसार सिद्धपीठ शाकंभरी देवी क्षेत्र में लगभग 75 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य कराए जा रहे हैं। इनमें पर्यटन सुविधा केंद्र, ओपन एयर थिएटर, मल्टी लेवल कार पार्किंग, टॉयलेट ब्लॉक, पब्लिक सोवेनियर शॉप, पदयात्रा मार्ग का सुदृढ़ीकरण और प्रकाश व्यवस्था जैसे कार्य शामिल हैं। इन परियोजनाओं का अधिकांश कार्य तेजी से पूरा किया जा रहा है।

इसके अलावा सेतु निगम द्वारा भूरादेव से सिद्धपीठ तक एलिवेटेड पुल और एप्रोच रोड का निर्माण भी प्रगति पर है। मुख्यमंत्री इन सभी निर्माणाधीन परियोजनाओं का निरीक्षण करेंगे और अधिकारियों से प्रगति की जानकारी लेंगे।

चैत्र नवरात्र मेले की तैयारियों की भी होगी समीक्षा

दौरे के दौरान मुख्यमंत्री आगामी चैत्र नवरात्र मेले की तैयारियों की भी समीक्षा करेंगे। मेले के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और अन्य सुविधाओं को लेकर प्रशासन की तैयारियों पर चर्चा की जाएगी।

अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों के साथ करेंगे बैठक

मुख्यमंत्री शाकंभरी क्षेत्र में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक भी करेंगे। बैठक में क्षेत्र के विकास कार्यों की प्रगति और अन्य योजनाओं पर चर्चा होगी। इसके बाद मुख्यमंत्री सिद्धपीठ शाकंभरी देवी मंदिर में पहुंचकर मां भगवती के दर्शन कर पूजा-अर्चना करेंगे।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य