
शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सहारनपुर आगमन पर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल, जनपद सहारनपुर के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में व्यापारियों, उद्यमियों और आम नागरिकों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के समाधान तथा कई विकास कार्यों को गति देने की मांग की गई।
व्यापार मंडल ने मुख्यमंत्री के सहारनपुर आगमन पर उनका स्वागत करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में प्रदेश में विकास के नए कीर्तिमान स्थापित हो रहे हैं और कानून व्यवस्था में भी उल्लेखनीय सुधार हुआ है। साथ ही युवा उद्यमी ऋण योजना, मां शाकुम्भरी विश्वविद्यालय की स्थापना तथा सिद्धपीठ शाकुम्भरी देवी क्षेत्र के विकास के लिए चलाई जा रही योजनाओं की सराहना की गई।
बस अड्डा निर्माण और सिटी बस सेवा शुरू करने की मांग
ज्ञापन में कहा गया कि सहारनपुर में बस अड्डे के लिए भूमि का चयन हो चुका है, लेकिन अब तक इसका निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। विकसित बस अड्डा न होने के कारण यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और बसों का संचालन सड़कों पर ही हो रहा है, जिससे यातायात और व्यापार दोनों प्रभावित हो रहे हैं। इसके साथ ही नगर में सिटी बस सेवा शुरू करने की भी मांग उठाई गई।
सरसावा हवाई पट्टी से नियमित उड़ान शुरू कराने की मांग
व्यापार मंडल ने कहा कि करीब डेढ़ वर्ष पूर्व सरसावा हवाई पट्टी का उद्घाटन हो चुका है, लेकिन अभी तक यहां से नियमित हवाई सेवाएं शुरू नहीं हो सकी हैं। उन्होंने सरकार से जल्द से जल्द उड़ान सेवा शुरू कराने की मांग की।
मेडिकल कॉलेज को हायर सेंटर बनाने की मांग
ज्ञापन में कहा गया कि सहारनपुर के मेडिकल कॉलेज में अभी उच्च चिकित्सा सेवाओं का अभाव है, जिसके कारण गंभीर मरीजों को उपचार के लिए अन्य शहरों के बड़े अस्पतालों में जाना पड़ता है। व्यापार मंडल ने मेडिकल कॉलेज को जल्द हायर सेंटर के रूप में विकसित करने की मांग की।
स्मार्ट सिटी योजनाओं को समयबद्ध पूरा करने की मांग
व्यापार मंडल ने कहा कि सहारनपुर को स्मार्ट सिटी के तहत कई योजनाएं मिली हैं, लेकिन इनमें अभी काफी अधूरापन है। इन योजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाना चाहिए।
व्यापारी कल्याण बोर्ड और पेंशन योजना की मांग
ज्ञापन में प्रदेश में व्यापारी कल्याण बोर्ड का गठन करने, व्यापारियों के लिए पेंशन योजना लागू करने और विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए प्रदेश स्तर पर नियमित व्यापार बंधु बैठक आयोजित करने की मांग भी की गई।
एनसीआर में शामिल करने और बेहतर कनेक्टिविटी की मांग
व्यापार मंडल ने सहारनपुर को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में शामिल करने, दिल्ली-लखनऊ सहित अन्य प्रमुख शहरों से बेहतर सड़क कनेक्टिविटी विकसित करने तथा मेरठ की तर्ज पर सहारनपुर तक मेट्रो और रैपिड रेल सेवा विस्तार की मांग भी उठाई।
इसके अलावा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट बेंच की स्थापना, नजूल संपत्तियों के लिए फ्रीहोल्ड योजना लागू करने और पर्यटन विकास के लिए मंडलीय पर्यटन विकास परिषद की स्थापना की भी मांग की गई।
ज्ञापन पर व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष शीतल टंडन, जिला महामंत्री रमेश अरोड़ा, जिला कोषाध्यक्ष कर्नल संजय मिड्ढा तथा मुख्य संरक्षक मेजर एस. के. सूरी के हस्ताक्षर मौजूद रहे।








