शहरी चौपाल ब्यूरो
शामली। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित पुलिस उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती–2025 की लिखित परीक्षा को सकुशल एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। इसी क्रम में जिलाधिकारी अरविन्द कुमार चौहान और पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र प्रताप सिंह ने शनिवार को विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जनपद में यह परीक्षा 14 और 15 मार्च 2026 को दो पालियों में आयोजित की जा रही है। पहली पाली प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक तथा दूसरी पाली अपराह्न 3:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षा के लिए जनपद में कुल 11 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने ब्रिगेडियर होशियार सिंह इंटर कॉलेज, वी.वी. इंटर कॉलेज तथा पब्लिक इंटर कॉलेज कैराना सहित कई परीक्षा केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर बनाए गए कंट्रोल रूम, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता और परीक्षा कक्षों की व्यवस्थाओं को भी देखा।
जिलाधिकारी ने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए हर स्तर पर सतर्कता बरती जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी अधिकारी पूरी मुस्तैदी और जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी निभाएं।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी कैराना निधि भारद्वाज सहित पुलिस एवं प्रशासनिक विभाग के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।








