शहरी चौपाल ब्यूरो
कैराना (शामली)। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित सब-इंस्पेक्टर नागरिक पुलिस भर्ती परीक्षा को शांतिपूर्ण व नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क दिखाई दिया। शनिवार को परीक्षा के पहले दिन जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान और पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह ने कैराना पहुंचकर परीक्षा केंद्रों का गहन निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
बताया गया है कि उत्तर प्रदेश पुलिस में सब-इंस्पेक्टर नागरिक पुलिस के 4543 पदों पर भर्ती के लिए दो दिवसीय लिखित परीक्षा आयोजित की जा रही है। इसी क्रम में डीएम और एसपी ने कैराना स्थित पब्लिक इंटर कॉलेज तथा विजय सिंह पथिक राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बनाए गए परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश-निकास व्यवस्था, पुलिस बल की तैनाती तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। डीएम-एसपी ने केंद्र व्यवस्थापकों से परीक्षा संबंधी तैयारियों की जानकारी भी प्राप्त की और ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को पूरी मुस्तैदी के साथ जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा पूरी तरह नकलविहीन और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही मिलने पर संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कैराना में बनाए गए दो परीक्षा केंद्र
जिला प्रशासन की ओर से कैराना में दो कॉलेजों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। इनमें मुख्य पानीपत-शामली मार्ग स्थित विजय सिंह पथिक राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय तथा पब्लिक इंटर कॉलेज शामिल हैं। यह परीक्षा दो दिनों में चार पालियों में आयोजित की जा रही है।
शनिवार को परीक्षा के पहले दिन पहली पाली प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित हुई। प्रत्येक पाली की परीक्षा अवधि 120 मिनट निर्धारित की गई है।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी कैराना निधि भारद्वाज, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक समयपाल अत्री सहित पुलिस व प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।








