
शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर, । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद भ्रमण के दौरान सिद्धपीठ मां शाकम्भरी देवी मंदिर परिसर में आयोजित होने वाले चैत्र नवरात्र मेले की तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने मंदिर के प्रवेश द्वार तथा निर्माणाधीन पर्यटन सुविधा केंद्र स्थल का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों से व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली और प्रस्तुतीकरण के माध्यम से शाकम्भरी देवी परिसर में चल रही समेकित पर्यटन विकास परियोजनाओं की प्रगति देखी।
बैठक में मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार तथा पुलिस उप महानिरीक्षक अभिषेक सिंह ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से मेले की तैयारियों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि 19 मार्च से प्रारंभ होने वाली चैत्र नवरात्र के अवसर पर सुरक्षा, स्वच्छता और सुव्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि मेले में तैनात किए जाने वाले सभी कर्मचारियों की काउंसलिंग की जाए ताकि श्रद्धालुओं के साथ उनका व्यवहार विनम्र और सहयोगपूर्ण रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मेला परिसर को पूरी तरह सीसीटीवी कैमरों से आच्छादित किया जाए और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाया जाए। एंटी रोमियो स्क्वाड को सक्रिय रूप से कार्य करने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि परंपरा के विपरीत किसी भी प्रकार की गतिविधि पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाए। सुरक्षा के दृष्टिगत सिविल डिफेंस और स्वयंसेवी संस्थाओं को भी जोड़ा जाए।

स्वच्छता व्यवस्था पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मेले को प्लास्टिक मुक्त बनाया जाए और इसके लिए जागरूकता अभियान चलाया जाए। कचरा निस्तारण के लिए डंपिंग स्थल दूर स्थान पर निर्धारित किया जाए तथा पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग-अलग शौचालयों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने निर्देश दिया कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को शुद्ध पेयजल, अच्छी गुणवत्ता का भोजन और प्रसाद उपलब्ध कराया जाए तथा किसी भी प्रकार की मिलावट न होने पाए। पार्किंग व्यवस्था की दरें निर्धारित की जाएं और अवैध वसूली पर सख्ती से रोक लगाई जाए। साथ ही ई-रिक्शा, ऑटो चालकों और दुकानदारों का सत्यापन भी कराया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मेले के दौरान विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार होर्डिंग, प्रदर्शनी और एलईडी वाहनों के माध्यम से किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को सरकार की योजनाओं की जानकारी मिल सके। उन्होंने निर्बाध विद्युत आपूर्ति और भीड़ प्रबंधन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

बैठक में राज्यमंत्री संसदीय कार्य एवं औद्योगिक विकास जसवंत सैनी, राज्यमंत्री लोक निर्माण विभाग बृजेश सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष मांगेराम चौधरी, महापौर डॉ. अजय सिंह, विधायक मुकेश चौधरी, देवेन्द्र निम, किरत सिंह, राजीव गुंबर, एडीजी भानु भास्कर, मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन, पुलिस अधीक्षक देहात सागर जैन, पूर्व विधायक नरेश सैनी, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत राणा, महानगर अध्यक्ष शीतल बिश्नोई सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।








