शहरी चौपाल ब्यूरो
शामली। बढ़ती महंगाई और एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में हालिया बढ़ोतरी के विरोध में शनिवार को आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार को सौंपते हुए गैस सिलेंडर की बढ़ी हुई कीमतें वापस लेने की मांग की।
कार्यकर्ताओं का कहना था कि देश में लगातार बढ़ती महंगाई से आम जनता, विशेष रूप से गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हाल ही में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर के दामों में 60 रुपये तथा वाणिज्यिक गैस सिलेंडर में 120 रुपये की बढ़ोतरी से लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।

उन्होंने कहा कि गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी का सीधा असर होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट और स्ट्रीट फूड से जुड़े छोटे कारोबारियों पर पड़ रहा है। इससे छोटे व्यवसाय प्रभावित हो रहे हैं और कई उद्योग बंद होने की स्थिति में पहुंच रहे हैं, जिससे बेरोजगारी बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।
पार्टी पदाधिकारियों ने मांग की कि घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में की गई वृद्धि को तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाए। साथ ही पेट्रोल और डीजल की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए पारदर्शी नीति लागू की जाए और गरीब व मध्यम वर्गीय परिवारों को रसोई गैस पर विशेष सब्सिडी दी जाए।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष सोराम सिंह, मोहित, राजेंद्र पहलवान, सुधीर कुमार, सतीश चौहान, शमीम अब्बासी, विनोद शर्मा, भोपाल सिंह, धीरजपाल तोमर और वीरपाल उपाध्याय सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।








