शहरी चौपाल ब्यूरो
झिंझाना (शामली)। खाड़ी देशों में चल रहे युद्ध को लेकर फैली गैस किल्लत की अफवाहों से कस्बे और आसपास के क्षेत्र में लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। शनिवार को रसोई गैस सिलेंडर लेने के लिए गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। कई लोग समय से पहले ही सिलेंडर लेने के लिए एजेंसियों पर पहुंच गए।
उपभोक्ताओं का कहना है कि युद्ध की खबरों के बाद गैस की कमी होने की चर्चाएं फैल रही हैं, जिसके कारण लोग सिलेंडर का भंडारण करने की कोशिश कर रहे हैं। इसी वजह से गैस एजेंसियों पर अचानक भीड़ बढ़ गई है।
वहीं गैस एजेंसी संचालक अजय बंसल ने गैस की किल्लत की खबरों को अफवाह बताते हुए कहा कि क्षेत्र में गैस की कोई कमी नहीं है। उन्होंने बताया कि सरकार की नई गाइडलाइन के अनुसार गैस बुकिंग का समय बढ़ाया गया है, जिसके कारण कुछ उपभोक्ताओं को सिलेंडर मिलने में थोड़ी देरी हो रही है।
उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील करते हुए कहा कि वे गैस की कमी को लेकर फैलाई जा रही अफवाहों पर ध्यान न दें और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार गैस बुकिंग करें। ओटीपी प्राप्त होने के बाद ही एजेंसी पर आकर सिलेंडर लें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी उपभोक्ताओं को नियमानुसार गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा।








