विश्व उपभोक्ता दिवस पर व्यापार मंडल की बैठक आयोजित

उपभोक्ताओं को अधिकारों के साथ कर्तव्यों के प्रति भी रहना होगा जागरूक : शीतल टंडन

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। विश्व उपभोक्ता दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल की जिला इकाई द्वारा रविवार को रेलवे रोड स्थित एक सभागार में विशेष बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में व्यापारियों को उपभोक्ता अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं जिलाध्यक्ष शीतल टंडन तथा जिला महामंत्री रमेश अरोड़ा ने संयुक्त रूप से कहा कि रोजमर्रा की जिंदगी में हर व्यक्ति किसी न किसी रूप में उपभोक्ता होता है। ऐसे में यह जरूरी है कि उपभोक्ता अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें और किसी भी प्रकार के शोषण के खिलाफ आवाज उठाएं। उन्होंने कहा कि सरकारी और व्यावसायिक दोनों प्रकार की सेवाओं में सुधार करके ही उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा की जा सकती है।

शीतल टंडन ने बताया कि प्रदेश व्यापार मंडल के दिशा-निर्देशों के अनुरूप व्यापार मंडल द्वारा पहले से ही उपभोक्ता मंच का गठन किया गया है, जिसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि न तो व्यापारी का शोषण हो और न ही ग्राहक का। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को जहां अपने अधिकारों की जानकारी होनी चाहिए, वहीं उन्हें अपने कर्तव्यों के प्रति भी सजग रहना चाहिए, जिससे व्यापारी और उपभोक्ता दोनों के हित सुरक्षित रह सकें।

उन्होंने कहा कि वर्ष 1962 में अमेरिका के तत्कालीन राष्ट्रपति जॉन एफ. कैनेडी ने उपभोक्ताओं के अधिकारों को लेकर ऐतिहासिक घोषणा की थी, जिसके बाद वर्ष 1985 में संयुक्त राष्ट्र द्वारा उपभोक्ता आंदोलन को मान्यता दी गई। उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी नीरज सिंह से आग्रह किया कि उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम के प्रचार-प्रसार के लिए विभाग द्वारा वर्षभर जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएं।

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि बदलते समय में मोबाइल, बैंकिंग सेवाओं और ऑनलाइन खरीदारी के बढ़ते प्रचलन के कारण उपभोक्ताओं को कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। ऑनलाइन लेन-देन और खरीदारी में उपभोक्ताओं के साथ धोखाधड़ी की घटनाएं भी सामने आती रहती हैं, जिन पर सरकार को सख्त कदम उठाने चाहिए।

इस अवसर पर उपस्थित व्यापारियों ने जागरूक व्यापारी और जागरूक उपभोक्ता बनने की शपथ भी ली। कार्यक्रम में कोषाध्यक्ष कर्नल संजय मिड्ढा, मेजर एस.के. सूरी, पवन गोयल, रमेश डावर, संदीप सिंघल, मुरली खन्ना, संजीव सचदेवा, राजीव अग्रवाल, अभिषेक भाटिया, संजय महेश्वरी सहित कई व्यापारी प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

 

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य