शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर , छुटमलपुर। क्षेत्र के गांव रसूलपुर में चोरी-छिपे आम के हरे पेड़ों की कटाई का मामला सामने आया है। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर छापा मारा, लेकिन टीम को देखते ही पेड़ काट रहे मजदूर मौके से फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि रात के समय कुछ लोग गांव रसूलपुर में आम के हरे पेड़ों को काट रहे थे। इसकी जानकारी किसी ग्रामीण ने वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन टीम के पहुंचने से पहले ही पेड़ काटने वाले लोग वहां से भाग निकले।
वन दरोगा प्रेम शंकर तिवारी ने बताया कि मौके पर करीब 16 आम के हरे पेड़ काटे गए पाए गए हैं। वन विभाग की टीम ने कटे हुए पेड़ों को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।प्राथमिक जांच में पेड़ कटाई के मामले में ठेकेदार इरशाद का नाम सामने आया है। वन विभाग द्वारा उसके खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई की जा रही है। वहीं विभाग इस मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रहा है।










