गैस खत्म होने की आशंका से सहारनपुर में मची अफरा-तफरी

खाड़ी देशों में युद्ध की खबरों से लोगों में घबराहट, एजेंसियों पर लगी लंबी कतारें; जांच में आपूर्ति सामान्य

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। खाड़ी देशों में चल रहे युद्ध की खबरों के बीच सहारनपुर में रसोई गैस की किल्लत की चर्चाओं ने लोगों को चिंतित कर दिया है। शहर में कई जगहों पर गैस सिलेंडर को लेकर उपभोक्ताओं की भीड़ और अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला।

कई उपभोक्ताओं का कहना है कि पहले उन्हें गैस एजेंसी पर जाकर लाइन में लगकर गैस बुक करनी पड़ रही है, क्योंकि टेलीफोन के माध्यम से बुकिंग नहीं हो पा रही। इसके बाद भी सिलेंडर लेने के लिए एजेंसियों पर कई-कई घंटे तक लंबी कतारों में खड़ा रहना पड़ रहा है।

हालांकि ‘शहरी चौपाल’ की ग्राउंड रिपोर्ट में स्थिति कुछ अलग नजर आई। मौके पर जाकर देखा गया कि अधिकांश गैस एजेंसियों पर सिलेंडर की आपूर्ति सामान्य रूप से हो रही है। कई उपभोक्ताओं ने बताया कि उन्होंने एक दिन पहले गैस बुक कराई और अगले ही दिन उन्हें सिलेंडर मिल गया।

 

कुछ लोगों का कहना है कि यदि एजेंसियों पर मैनपावर बढ़ा दी जाए तो लंबी कतारों की स्थिति काफी हद तक खत्म हो सकती है। वहीं कुछ उपभोक्ताओं ने गैस बुकिंग में तकनीकी दिक्कत और संभावित रेट बढ़ने की चर्चाओं को लोगों में पैनिक का कारण बताया।

जानकारों के अनुसार सोशल मीडिया और आपसी चर्चाओं के कारण गैस की कमी की अफवाह तेजी से फैल गई, जिसके चलते लोग एहतियात के तौर पर जल्दी सिलेंडर लेने के लिए एजेंसियों पर पहुंचने लगे।

फिलहाल ग्राउंड रिपोर्ट में यह साफ हुआ है कि सहारनपुर में गैस की कोई वास्तविक किल्लत नहीं है और आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है। अधिकारियों और गैस एजेंसी संचालकों ने भी लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और जरूरत के अनुसार ही गैस बुक करें।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य