शहरी चौपाल ब्यूरो
शामली। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित पुलिस उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा को शांतिपूर्ण व निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। जिलाधिकारी अरविन्द कुमार चौहान और पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र प्रताप सिंह ने दूसरे दिन विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जनपद में यह परीक्षा 14 और 15 मार्च 2026 को दो पालियों में आयोजित की जा रही है। पहली पाली प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली अपराह्न 3 बजे से सायं 5 बजे तक निर्धारित की गई है। परीक्षा के लिए जिले में कुल 11 केंद्र बनाए गए हैं, जहां परीक्षा को सुचारू व व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने हिंदू कन्या इंटर कॉलेज मिल रोड शामली, श्री चंदन लाल नेशनल इंटर कॉलेज कांधला तथा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज कांधला सहित कई परीक्षा केंद्रों का दौरा किया। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर बनाए गए कंट्रोल रूम, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी व्यवस्था तथा परीक्षा कक्षों का निरीक्षण कर सुरक्षा और व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

इस दौरान जिलाधिकारी अरविन्द कुमार चौहान ने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा को पूर्ण पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराया जाए। उन्होंने प्रत्येक स्तर पर सतर्कता बरतने और किसी भी प्रकार की लापरवाही न होने के सख्त निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस व प्रशासन के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे और परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर नजर रखी गई।









