शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश, लखनऊ के तत्वावधान में क्षेत्रीय खेल कार्यालय सहारनपुर द्वारा वर्ष 2025-26 की जिला स्तरीय जूनियर खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन स्पोर्ट्स स्टेडियम में किया गया। प्रतियोगिताओं में जूडो, कुश्ती, बालक भारोत्तोलन और बालक हॉकी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। कार्यक्रम का आयोजन क्रीड़ाधिकारी राहुल चोपड़ा के निर्देशन में तथा सहायक प्रशिक्षक बॉक्सिंग प्रवीन कुमार की देखरेख में संपन्न हुआ।
प्रतियोगिता का शुभारंभ सहारनपुर मंडल के आयुक्त रूपेश कुमार ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जीतने वाले खिलाड़ियों को बधाई और हारने वाले खिलाड़ियों को निराश न होकर अधिक मेहनत कर अगली प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करना चाहिए।

जिला स्तरीय जूडो बालिका प्रतियोगिता में विभिन्न भार वर्गों में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। 27 किलोग्राम वर्ग में आकाश्वी प्रथम, वैष्णवी द्वितीय तथा श्रेया और आन्वी तृतीय स्थान पर रहीं। 32 किलोग्राम वर्ग में सिमरन प्रथम, जान्हवी द्वितीय तथा जीया और एंजल सैनी तृतीय रहीं। इसी प्रकार अन्य भार वर्गों में भी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर पदक हासिल किए।
कुश्ती बालिका प्रतियोगिता में भी खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया। 40 किलोग्राम वर्ग में वंशिका प्रथम, आराधना द्वितीय तथा रेन बिहानियार और पूजा तृतीय रहीं। अन्य भार वर्गों में भी कई खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर पदक अपने नाम किए।
बालक भारोत्तोलन प्रतियोगिता में 52 किलोग्राम वर्ग में उपलक्ष्य प्रथम, आर्यन द्वितीय तथा देव और हर्ष तृतीय स्थान पर रहे। अन्य भार वर्गों में भी खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए पदक जीते।
वहीं जिला स्तरीय बालक हॉकी प्रतियोगिता में स्पोर्ट्स स्टेडियम की टीम विजेता रही, जबकि सरदार पटेल इंटर कॉलेज पटनी की टीम उपविजेता बनी।
इस अवसर पर प्रवीन कुमार, ईश्वर पाल सिंह, रविकांत धीमान, शिव नंदन, अश्वनी कुमार श्रीवास्तव, बृजेश कुमार, लाल धर्मेंद्र प्रताप, आदेश, जयेन्द्र कुमार, पुनीत कुमार आर्य, गौरव कुमार, प्रियंका चौहान, प्रीति मेहरा और सुप्रिया रानी सहित कई खेल प्रेमी और अधिकारी मौजूद रहे।








