शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। थाना चिलकाना क्षेत्र के ग्राम बकारका में हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि ग्रामीणों में विद्युत विभाग के प्रति भारी नाराजगी देखने को मिली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पदम सिंह अपने मकान पर चल रहे निर्माण कार्य को देखने के लिए छत पर गए थे। इसी दौरान मकान के पास से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गए। तेज करंट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। अचानक हुई इस दुखद घटना से परिवार में शोक की लहर दौड़ गई । ग्रामीणों का कहना है कि गांव में कई घरों के बेहद करीब से हाईटेंशन लाइन गुजर रही है, जो लंबे समय से हादसे को न्योता दे रही थी। लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत के बावजूद विद्युत विभाग ने लाइन को हटाने या सुरक्षित करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
ग्रामीणों ने विभाग से मांग की है कि ऐसी लाइनों को जल्द सुरक्षित कराया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।








