शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। सहारनपुर थाना कोतवाली देहात पुलिस ने मुठभेड़ के बाद लूट के मामले में वांछित दो आरोपियों को घायलावस्था में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से 43 हजार रुपये नकद, दो तमंचे, कारतूस, एक चाकू और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनपद में अपराध नियंत्रण के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 17/18 मार्च की रात को पुलिस टीम ग्राम मंशापुर नहर पटरी के पास संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रही थी। तभी सरकड़ी खुमार की ओर से मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक आते दिखाई दिए।

पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर दोनों संदिग्ध चिलकाना रोड की ओर भागने लगे। कुछ दूरी पर नहर तिराहे के पास उनकी मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। इस दौरान दोनों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिसमें दोनों आरोपियों के पैर में गोली लग गई और उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अब्दुल रहमान पुत्र मुन्तजीर निवासी दया गार्डन और दिलेशान पुत्र शहजाद निवासी मिल्लत नगर के रूप में हुई है। दोनों आरोपी थाना कोतवाली देहात में दर्ज लूट के एक मामले में वांछित चल रहे थे।
घायल आरोपियों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटे गए 43 हजार रुपये, दो तमंचे .315 बोर, एक जिंदा व दो खोखा कारतूस, एक अवैध चाकू और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।








