शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। जनपद में तैनात यूपी-112 के मुख्य आरक्षी अनुज कुमार गिल का हृदय संबंधी बीमारी के चलते निधन हो गया। उनके आकस्मिक निधन से पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई और इसे अपूर्णीय क्षति बताया गया।
जानकारी के अनुसार, वर्ष 2011 बैच के मुख्य आरक्षी अनुज कुमार गिल पिछले काफी समय से हृदय रोग से पीड़ित थे। 15 मार्च 2026 को अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान 18/19 मार्च की रात्रि उनका निधन हो गया।

उनके पार्थिव शरीर को पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। इस दौरान पुलिस उपमहानिरीक्षक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों ने उन्हें कंधा देकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
अंतिम विदाई के समय पुलिस अधिकारियों व कर्मियों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।








