शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के जिला मुख्यालय पर आयोजित विशेष बैठक में ईद, विक्रमी संवत 2083 और चैत्र नवरात्र के शुभारंभ पर सभी को शुभकामनाएं दी गईं।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष शीतल टंडन ने कहा कि ईद प्रेम, एकता, मैत्री और भाईचारे का संदेश देने वाला अंतर्राष्ट्रीय त्योहार है। उन्होंने कहा कि रमजान के दौरान रोजा रखना त्याग, तपस्या और अनुशासन की प्रेरणा देता है तथा हमें जीवन के वास्तविक मूल्यों से जोड़ता है।
उन्होंने कहा कि ईद के दिन अदा की जाने वाली सामूहिक नमाज यह संदेश देती है कि सभी लोग ईश्वर की नजर में समान हैं। यही भारत की गंगा-जमुनी तहजीब की पहचान है, जहां सभी धर्मों के त्योहार मिल-जुलकर मनाए जाते हैं।

शीतल टंडन ने बताया कि इस वर्ष रमजान के दौरान होली, भारतीय नववर्ष और चैत्र नवरात्र का एक साथ पड़ना विशेष संयोग है, जो समाज में एकता और सौहार्द को और मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि ईद के चलते बाजारों में रौनक बढ़ी है, जिससे व्यापार को भी बढ़ावा मिल रहा है।
बैठक में जिला महामंत्री रमेश अरोड़ा, जिला कोषाध्यक्ष कर्नल संजय मिड्ढा, मेजर एस.के. सूरी, पवन कुमार गोयल, रमेश डावर, संजय महेश्वरी, राजीव अग्रवाल, संजीव सचदेवा, अशोक मलिक, संधि सिंघल, संदीप सिंघल और अभिषेक भाटिया सहित कई व्यापारी प्रतिनिधि मौजूद रहे।
सभी वक्ताओं ने देशवासियों को ईद, चैत्र नवरात्र और नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए सुख, शांति, समृद्धि और आपसी भाईचारे की कामना की।








