शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर बेहट । शिवालिक पहाड़ियों में स्थित सिद्धपीठ मां शाकंभरी देवी मंदिर में चैत्र नवरात्रि के प्रथम दिन श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। पूरे मेला क्षेत्र में “जय माता दी” के गगनभेदी जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
गुरुवार सुबह से ही श्रद्धालुओं ने मंदिर की ओर रुख करना शुरू कर दिया था और देर रात तक दर्शन के लिए लंबी कतारें लगी रहीं। परंपरा के अनुसार श्रद्धालु सबसे पहले बाबा भूरा देव मंदिर के दर्शन कर मां के दरबार में पहुंचते हैं। मान्यता है कि मां शाकंभरी देवी के दर्शन से श्रद्धालुओं के सभी कष्ट दूर होते हैं और मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।
देश के विभिन्न हिस्सों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु प्रतिदिन यहां पहुंच रहे हैं। प्रथम नवरात्रि पर विशेष रूप से भारी भीड़ देखने को मिली, जिससे पूरा क्षेत्र आस्था और भक्ति में डूबा नजर आया।
प्रशासन ने किए व्यापक इंतजाम
चैत्र नवरात्र मेले को लेकर प्रशासन द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। मंदिर से करीब दो किलोमीटर पहले गांव नागल माफी के पास वाहन पार्किंग की व्यवस्था की गई है, जहां से श्रद्धालु पैदल मंदिर तक पहुंच रहे हैं। बुजुर्ग, दिव्यांग और बीमार श्रद्धालुओं के लिए ई-रिक्शा की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
मंदिर व्यवस्थापक आतुल्य प्रताप सिंह राणा के अनुसार, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पूरे क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा साफ-सफाई, पथ प्रकाश, बैरिकेडिंग, अस्थायी शौचालय, पेयजल व्यवस्था और पानी के टैंकर की भी पर्याप्त व्यवस्था की गई है।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
मेला परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और मेले का आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।









