शहरी चौपाल ब्यूरो
बेहट (सहारनपुर)। कस्बे के मोहल्ला कस्साबान में मीट की दुकानें बंद कराने पहुंचे गोरक्षा दल के कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों के बीच विवाद बढ़ गया, जिसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। आरोप है कि भीड़ ने कार्यकर्ताओं को दौड़ा लिया, जिससे वे भागकर कोतवाली पहुंचे।
जानकारी के अनुसार, गोरक्षा दल से जुड़े प्रशांत शर्मा, प्रिंस शर्मा सहित कई कार्यकर्ता बृहस्पतिवार को मोहल्ला कस्साबान में मीट की दुकानें बंद कराने पहुंचे थे। उन्होंने दुकानदारों से दुकानें बंद करने को कहा, जिस पर दुकानदारों ने स्पष्ट किया कि वे केवल पुलिस-प्रशासन के निर्देश पर ही दुकानें बंद करेंगे।
इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी बढ़ गई और मामला हाथापाई तक पहुंच गया। इसके बाद मोहल्ले के लोगों ने एकत्र होकर कार्यकर्ताओं को दौड़ा लिया। कार्यकर्ता भागकर कोतवाली पहुंचे और भीड़ पर मारपीट व धारदार हथियारों से हमला करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।
शाकंभरी तिराहे पर जाम लगाने का प्रयास
घटना के बाद कार्यकर्ता शाकंभरी तिराहे पर पहुंचे और जाम लगाने का प्रयास किया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
इस दौरान बजरंग दल के जिला संयोजक अनुज सैनी और पुलिस अधिकारियों के समझाने पर कार्यकर्ता शांत हो गए और जाम समाप्त कर दिया।
पुलिस ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हो गई है और निष्पक्ष जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।








