शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर, नानौता। नवरात्र के पावन अवसर पर नगर में धार्मिक माहौल बनाए रखने के लिए गौ रक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने मांस एवं अंडे की दुकानों को बंद कराने की मांग को लेकर थानाध्यक्ष नवीन कुमार सैनी को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन सौंपने के लिए गौ रक्षा दल के जिला मंत्री विशु रोहिला, नगर संयोजक आशीष पांचाल, वंश ठाकुर, अनुज धीमान, सागर कश्यप, अर्पित कश्यप, मोहन, सन्नी, अंकित, तेजपाल और ईश्वर समेत कई अन्य कार्यकर्ता थाना पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने बताया कि नवरात्र में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, विशेषकर महिलाएं, देवी मंदिरों में पूजा-अर्चना के लिए आती हैं।

उन्होंने कहा कि मांस व अंडे की दुकानों के खुले रहने से श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हो सकती हैं। अतः प्रशासन से मांग की गई कि नवरात्र अवधि में नगर क्षेत्र की सभी मांस एवं अंडे की दुकानों को पूर्ण रूप से बंद कराया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
थानाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को आश्वासन दिया कि ज्ञापन पर विचार कर उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाएगा और आवश्यकतानुसार उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
रिपोर्ट फैय्याज अली आब्दी








