शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। आगामी ईद-उल-फितर एवं जुमा अलविदा त्यौहार के मद्देनजर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर, पुलिस अधीक्षक नगर/यातायात तथा क्षेत्राधिकारी नगर प्रथम ने थाना कुतुबशेर क्षेत्र स्थित ईदगाह का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और कानून-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने देने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने कहा कि ईद और जुमा अलविदा के अवसर पर बड़ी संख्या में नमाजी ईदगाह पहुंचते हैं, ऐसे में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए गए।

पुलिस प्रशासन का उद्देश्य त्योहार को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना है, जिसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं।








