शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। दिव्य ज्योति जागृति संस्थान के तत्वावधान में गोविंद विहार कॉलोनी, सहारनपुर में नवरात्रों के पावन पर्व पर माँ भगवती का गुणगान कार्यक्रम अत्यंत श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर कॉलोनी की माताओं एवं बहनों ने बड़ी संख्या में भाग लिया और कार्यक्रम का भरपूर लाभ उठाया।
सम्पूर्ण वातावरण भक्ति रस से सराबोर रहा और माँ भगवती के जयकारों से क्षेत्र गुंजायमान हो उठा। कार्यक्रम का संचालन परम पूज्य श्री आशुतोष महाराज जी की शिष्याओं साध्वी अंबालिका भारती जी, सोम प्रभा भारती जी एवं पूजा भारती जी ने किया। उन्होंने अपने प्रेरणादायक भजनों और प्रवचनों के माध्यम से उपस्थित श्रद्धालुओं को भक्ति का गूढ़ रहस्य समझाया और जीवन में आध्यात्मिकता के महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि मन की पावन ज्योति केवल बाहरी दीपक नहीं, बल्कि हमारे अंतर्मन में स्थित दिव्य चेतना का प्रतीक है। सद्गुरु की कृपा से जब मनुष्य की दिव्य दृष्टि जागृत होती है, तब वह इसी ज्योति का अनुभव अपने भीतर करता है। इससे मनुष्य के अंतर्मन में गहन शांति का संचार होता है और वह आत्मिक आनंद का अनुभव करता है।
कार्यक्रम के दौरान माँ भगवती की पावन आरती बड़े श्रद्धा भाव के साथ सम्पन्न की गई, जिसके उपरांत उपस्थित सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया। कार्यक्रम के समापन पर सभी श्रद्धालुओं ने माँ भगवती से सुख, शांति, समृद्धि और आध्यात्मिक उन्नति की मंगलकामना की। यह आयोजन न केवल भक्ति का संगम बना, बल्कि समाज में सकारात्मक ऊर्जा और आध्यात्मिक जागरण का प्रेरणास्रोत भी सिद्ध हुआ।








