लखनऊ। लखनऊ में रविवार को समाजवादी पार्टी मुख्यालय में आयोजित महिला सम्मान समारोह में अखिलेश यादव ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को ‘मूर्ति देवी-मालती देवी महिला सम्मान’ से सम्मानित किया।
इस अवसर पर कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला प्रतिभागियों की उपस्थिति रही, जहां समाज के अलग-अलग क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को मंच पर सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम में मौजूद सांसद डिंपल यादव ने महिलाओं की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जब किसी देश की महिलाएं आगे बढ़ती हैं तो देश भी प्रगति करता है, लेकिन वर्तमान समय में महिलाओं के साथ हो रही घटनाएं चिंता का विषय हैं। उन्होंने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
उन्होंने उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी प्रकरण का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं को दबाने के बजाय न्याय सुनिश्चित करना जरूरी है।
समारोह के दौरान महिला सशक्तिकरण और समाज में उनकी भागीदारी को लेकर सकारात्मक संदेश दिया गया, वहीं महिलाओं को अपने दम पर आगे बढ़ने और समाज में नई पहचान बनाने के लिए प्रेरित किया गया।








