शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर । जनपद सहारनपुर में धीमान समाज की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें भारतीय जनता पार्टी की महानगर कार्यकारिणी एवं नगर निगम में पार्षदों के मनोनयन में समाज की उपेक्षा को लेकर गहरा रोष व्यक्त किया गया। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि समाज को समुचित प्रतिनिधित्व नहीं दिया गया, तो आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा का बहिष्कार किया जाएगा।

स्थानीय नुमाइश कैंप स्थित अमरदीप कॉलोनी के श्री विश्वकर्मा मंदिर में धीमान कल्याण महासभा के बैनर तले आयोजित इस बैठक में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए समाज के लोगों ने भाग लिया। वक्ताओं ने कहा कि धीमान समाज लंबे समय से भाजपा का परंपरागत वोटबैंक रहा है और लगभग 95 प्रतिशत लोग भाजपा को समर्थन देते आए हैं, इसके बावजूद संगठन और नगर निगम में समाज को उचित स्थान नहीं दिया गया।
महासभा के संस्थापक डॉ के पी धीमान ने कहा कि भाजपा पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के सिद्धांत से भटक गई है और समाज की अनदेखी आगामी 2027 चुनाव में भारी पड़ सकती है।
अध्यक्ष प्रकाश चंद ने कहा कि “सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास” का दावा करने वाली भाजपा में कुछ लोगों द्वारा सुनियोजित तरीके से धीमान समाज को उसके अधिकारों से वंचित किया जा रहा है, जो पार्टी के मूल सिद्धांतों के खिलाफ है।
समाजसेवी ए.के. शर्मा ने कहा कि पिछड़ा वर्ग के नाम पर केवल कुछ जातियों को प्रतिनिधित्व दिया जा रहा है, जबकि धीमान समाज को नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की कई विधानसभा सीटों पर समाज अपने दम पर किसी भी प्रत्याशी को हराने की क्षमता रखता है।
महासचिव दुष्यंत कुमार ने समाज से एकजुट होने का आह्वान करते हुए कहा कि अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करना आवश्यक है, अन्यथा समाज अपने हकों से वंचित रह जाएगा।
बैठक की अध्यक्षता सरदार गुरमीत सिंह ने की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भाजपा हाईकमान ने इस मुद्दे का संज्ञान नहीं लिया और समाज को उचित सम्मान नहीं मिला, तो धीमान समाज प्रदेशव्यापी अभियान चलाकर आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा का विरोध करेगा।
इस मौके पर बोधराम धीमान एडवोकेट, जयपाल सांपला खत्री, प्रजेश शर्मा, लोकेश धीमान, संदीप धीमान, प्रमोद धीमान, कार्तिक धीमान, वरिष्ठ पत्रकार सुधीर सोहल, अशोक धीमान एडवोकेट, रजनीश धीमान, संजीव धीमान, सुरेश धीमान, पंकज धीमान, राहुल सिंघानिया, अनंत सिंह धीमान, डॉ सतीश धीमान, महेंद्र धीमान सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।









