शहरी चौपाल ब्यूरो
शामली। जनपद शामली में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां सहारनपुर जनपद के गंगोह स्थित अनाज मंडी के एक व्यापारी के बैंक खाते का दुरुपयोग कर करीब 35 लाख रुपये अन्य खातों में ट्रांसफर कर दिए गए। इस मामले में पुलिस अधीक्षक के आदेश पर साइबर क्राइम थाने में चार आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पीड़ित व्यापारी परीक्षित निवासी गांव रंगाना, थाना झिंझाना ने बताया कि वह गंगोह अनाज मंडी में आढ़ती का कार्य करता है। उसके दो बैंक खाते हैं, जिनका उपयोग वह व्यापारिक लेनदेन के लिए करता है। आरोप है कि कुछ लोगों ने खुद को व्यापारी बताकर उसके लाइसेंस और बैंक खाते का इस्तेमाल करने की कोशिश की, जिसे उसने मना कर दिया।
इसके बाद आरोपियों ने उसके मोबाइल पर एक संदिग्ध लिंक भेजा। जैसे ही उसने लिंक खोला, उसका मोबाइल हैक हो गया। इसके बाद आरोपियों ने उसके इंटरनेट बैंकिंग का पासवर्ड बदल दिया और उसके खाते में 35 लाख रुपये डालकर तुरंत ही अन्य खातों में ट्रांसफर कर दिए।
पीड़ित को इस धोखाधड़ी की जानकारी तब हुई जब उसे बैंक की ओर से संदिग्ध लेनदेन का नोटिस मिला। बैंक स्टेटमेंट की जांच करने पर पूरी घटना का खुलासा हुआ। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
साइबर विशेषज्ञों के अनुसार, इस तरह के मामलों में खातों का इस्तेमाल ‘म्यूल अकाउंट’ के रूप में किया जाता है, जिसमें ठगी की रकम को एक खाते से दूसरे खाते में ट्रांसफर किया जाता है ताकि असली अपराधियों तक पहुंचना मुश्किल हो जाए।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश जारी है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और साइबर ठगी से सतर्क रहें।








