सहारनपुर।
जनपद सहारनपुर के थाना फतेहपुर क्षेत्र में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) फतेहपुर में एक 25 वर्षीय महिला को उसके ही दो सगे भाइयों ने गोली मार दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, उक्त महिला 16 मार्च 2026 को एक 28 वर्षीय युवक के साथ घर से चली गई थी, जिसके बाद परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दोनों की तलाश शुरू कर दी थी। सोमवार को पुलिस ने महिला को बरामद कर मेडिकल परीक्षण के लिए CHC फतेहपुर लाई थी।
इसी दौरान महिला के दोनों भाई मोटरसाइकिल पर वहां पहुंचे और उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी ने साहस दिखाते हुए आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
घायल महिला को तत्काल बेहतर उपचार के लिए मेडिग्राम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस के अनुसार महिला की स्थिति गंभीर लेकिन नियंत्रण में बताई जा रही है।
घटना के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चार टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गठित की गई हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य बनी हुई है और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर निगरानी बनाए हुए हैं।








