शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। सीनियर सिटीजन वेलफेयर सोसायटी की बैठक में संस्था के आगामी कार्यकाल के लिए नए पदाधिकारियों की घोषणा की गई। संस्था के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष केएल अरोड़ा ने अजय अत्री को महानगर अध्यक्ष, अरुण सूरी को महासचिव और अरुण प्रकाश शर्मा को कोषाध्यक्ष पद पर मनोनीत किया।
प्रताप मार्केट स्थित संस्था के मुख्य कार्यालय पर आयोजित बैठक में नवनियुक्त पदाधिकारियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर केएल अरोड़ा ने कहा कि किसी भी संस्था की सफलता के लिए पारदर्शिता, शक्ति का विकेंद्रीकरण और लोकतांत्रिक व्यवस्था बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पिछले 17 वर्षों से संस्था अपने सिद्धांतों पर चलते हुए समाज में एक मजबूत पहचान बना चुकी है।
उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिक अपने अनुभव के आधार पर समाज और प्रशासन के बीच सेतु का कार्य करते हैं। समाज के विभिन्न मुद्दों को उठाकर जागरूकता फैलाना और सही दिशा दिखाना वरिष्ठ नागरिकों का प्रमुख उद्देश्य है, इसलिए राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
नवनियुक्त महानगर अध्यक्ष अजय अत्री ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे अपनी टीम के साथ मिलकर संस्था को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा, संस्था का विकास और समाज का कल्याण उनकी प्राथमिकता रहेगी।
महासचिव अरुण सूरी और कोषाध्यक्ष अरुण प्रकाश शर्मा ने भी पदभार ग्रहण करने पर आभार व्यक्त करते हुए संस्था के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष सीएम एंडले, अध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा, महासचिव अनिल तलूजा, कोषाध्यक्ष संदीप गुप्ता सहित संरक्षक मंडल के कई सदस्य और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।








