शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह के निर्देशन में जनपद के पुलिस कर्मियों के बीच डबल्स वर्ग बैडमिंटन टूर्नामेंट-2026 का आयोजन उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। रिजर्व पुलिस लाइन स्थित अत्याधुनिक इंडोर बैडमिंटन हॉल में आयोजित इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने जोश, खेल भावना और उत्कृष्ट प्रदर्शन से सभी का मन मोह लिया।
टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। शानदार रैलियां, दमदार स्मैश और बेहतरीन तालमेल ने मुकाबलों को रोमांचक बना दिया। दर्शकों की जोरदार तालियों और उत्साहवर्धन से खिलाड़ियों का मनोबल लगातार बढ़ता रहा।
फाइनल मुकाबला विशेष आकर्षण का केंद्र रहा, जिसमें खिलाड़ियों ने धैर्य, कौशल और बेहतरीन समन्वय का परिचय दिया। प्रतियोगिता में हेका सोनू कौशिक (सर्विलांस सेल) एवं हेका विजय सिंह (पुलिस लाइन) की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया। वहीं हेका विनीत त्यागी (सर्विलांस सेल) एवं हेका विनोद कुमार (पुलिस लाइन) की टीम उपविजेता रही।
समापन अवसर पर क्षेत्राधिकारी बेहट वैभव पाण्डेय ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं पुलिस कर्मियों के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ-साथ टीम भावना और आपसी समन्वय को मजबूत करती हैं।
यह आयोजन पुलिस विभाग में फिटनेस, सकारात्मक ऊर्जा और भाईचारे को बढ़ावा देने की दिशा में एक सराहनीय पहल साबित हुआ।








